बृजेश सिंह
बलिया। चितबड़ागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत कारो (राजभर बस्ती )निवासी जुगनू राजभर (25) वर्ष का शव गुरुवार की रात एक पोखरे के किनारे पुलिया के पास मिला। मृतक के पिता की माने तो वह पार्टी मनाने गया था। आशंका है कि उसकी हत्या कर दी गई है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँचकर जांच में जुट गई। जानकारी मिलते ही शुक्रवार की सुबह एडिशनल एसपी संजय कुमार भी घटनास्थल पर पहुँचकर मातहतों से घटना के बाबत जानकारी ली।
चितबड़ागांव थाना क्षेत्र के कारो गांव निवासी सुमेर राजभर ने बताया कि गुरुवार की शाम 6 बजे के आसपास मेरा पुत्र दुकान से पार्टी के लिये सामान खरीद कर अपने साथियों के साथ पार्टी मनाने गया था। परंतु देर रात तक जब घर नहीं पहुंचा तो जुगनू को परिजन ढूंढने लगे। लोगों से पता चला कि पोखरी के समीप पुलिया के पास उसका शव पोखरी में फेंका गया है। घटनास्थल पर युवक मृत अवस्था में पाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक निहार नंदन कुमार ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जा रही है।