बृजेश सिंह
बलिया। भीमपुरा थाना क्षेत्र के सरयां डिहू भगत गांव में सोमवार की रात्रि में मकान के अंदर कमरे का ताला तोड़कर 50 हजार नगदी, लाखों के सोने व चांदी के गहने सहित कीमती कपड़े उठा ले गए। चहारदीवारी फांदकर घर मे घुसे चोरों ने घर के मुखिया का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया था। बक्सा अटैची आदि से सामान निकालकर उसे अहाते में फेंक दिया था। चोरी की इस घटना से गांव में दहशत फैल गया है।
जानकारी अनुसार सरयां डिहू भगत गांव के विजय प्रताप सिंह व उनकी पत्नी घर पर रहते है। उनका बाकी परिवार बाहर रहता है। प्रत्येक दिन की भांति सोमवार को भी पति पत्नी भोजन करने के बाद अलग अलग कमरे में सो गए। रात्रि को करीब दो बजे जब उनकी नींद खुली तो शौच करने के लिए दरवाजे को खोले लेकिन दरवाजा नहीं खुला तो दूसरे दरवाजे से बाहर आये। देखा कि उनके कमरे के दरवाजे की कुंडी बाहर से बंद है और अहाते में घर के सामान बिखरे पड़े है। अपनी पत्नी को जगाकर जब सभी कमरों में गए तो देखा कि जिस कमरे में गहने सामान आदि रखे गए है उसका ताला टूटा हुआ था। कमरे में जाकर देखा तो उसमें रखा सामान बिखरा पड़ा हुआ है और बक्सा सुटकेश गायब है। पुलिस को दिए तहरीर में बताया है कि कमरे में 50 हजार नगदी, 10 ग्राम सोने व आधा किलो चांदी के गहने गायब थे। इसके साथ ही 40 कीमती साड़ियां भी गायब थी। पीड़ित ने चोरी की सूचना स्थानीय थाने को दी जिसके बाद पुलिस पहुँचकर मामले की छानबीन कर रही है।