कुमार सत्यम
बलिया। धान खरीद को लेकर जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। एक नवंबर से किसानों से धान खरीद को लेकर कुल 76 क्रय केंद्र स्थापित किए जाने हैं। इसके सापेक्ष अब तक कुल 43 क्रय केंद्रों का निर्धारण कर लिया गया है, शेष को लेकर तैयारी चल रही है। इस साल कुल 124400 मी. टन धान खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया है जो पिछले साल की अपेक्षा 24400 मी. टन अधिक है। उधर, धान बेचने के लिए जिले के 7647 किसान अब तक पंजीकरण करा चुके हैं।
आम तौर पर प्रदेश में एक अक्तूबर से धान की खरीद शुरु हो जाती है लेकिन पूर्वांचल के जिलों में एक नवंबर से धान खरीद शुरु होती है। हालांकि पिछले साल प्रदेश सरकार ने 15 दिन पूर्व 15 अक्तूबर से ही धान की खरीद शुरू कराया था। लेकिन इस साल एक नवंबर से धान की खरीद शुरु होगी। इसको लेकर जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। जिला विपणन अधिकारी ने बताया कि वर्ष 2021-22 में कुल 76 धान क्रय केंद्र स्थापित करने का लक्ष्य है और इसके सापेक्ष अब कुल 43 क्रय केंद्र निर्धारित कर लिए गए हैं। खाद्य विभाग के 22, पीसीएफ के 15, एफसीआई व मंडी समति के दो-दो क्रय केंद्र हैं। बताया कि इस साल जिले में कुल 124400 मी. टन धान खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया गया है जबकि पिछले साल यह लक्ष्य 110000 मी. टन था। क्रय केंद्रों पर धान बेचने के लिए अब तक 7647 किसान पंजीकरण करा चुके हैं और पंजीकरण जारी है।
इस साल जिले में 308127 धान उत्पादन का लक्ष्य
जिले में इस साल धान के लिए कुल 117556 हेक्टेयर का लक्ष्य के सापेक्ष कुल 120360 हेक्टेयर में धान की खेती हुई है। जिला कृषि अधिकारी विकेश कुमार की मानें तो इस साल उत्पादकता लक्ष्य प्रति हेक्टेयर 26.21 कुंतल निर्धारित है। कुल 308127 मी. टन उत्पादन का लक्ष्य है।
धान खरीद को लेकर क्रय केंद्रों का निर्धारण किया जा रहा है। अब तक कुल 43 क्रय केंद्रों का निर्धारण किया जा चुका है। 23 और क्रय केंद्रों का निर्धारिण किया जाना है, इसके लिए कार्रवाई चल रही है।
– अविनाश चंद सागरवाल, जिला विपणन अधिकारी, बलिया।