बृजेश सिंह
बलिया। जिलाधिकारी अदिति सिंह ने सदर तहसील में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस पर जनता की समस्याओं को सुना। इस दौरान चार अधिकारी गैरहाजिर थे, जिनकी वजह से शिकायतों के निस्तारण में दिक्कत हुई। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए चारों अधिकारियों का एक दिन का वेतन काट दिया। साथ ही पिछले समाधान दिवस के मामलों के निस्तारण की भी समीक्षा की। इस दौरान शिकायतें लंबित रहने पर छः अधिकारियों से तीन दिन के अंदर स्पष्टीकरण मांगा है।
समाधान दिवस में राशन, पेंशन, अवैध कब्जे, भूमि विवाद आदि से जुड़ी समस्याएं ज्यादातर आई। जिलाधिकारी ने सभी फरियादियों को सुनते हुए सम्बन्धित अधिकारियों को पूरी जिम्मेदारी से शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। समाधान दिवस में सीडीओ प्रवीण वर्मा, डीएफओ श्रद्धा यादव, एसडीएम जुनैद अहमद, डिप्टी कलेक्टर सीमा पांडेय सहित जनपद स्तरीय अधिकारी थे।
इन अधिकारियों का कटा एक दिन का वेतन
समाधान दिवस में अनुपस्थित रहने वाले परियोजना अधिकारी (डूडा), जिला सेवायोजन अधिकारी, महाप्रबंधक उद्योग केंद्र व जिला खाद्य विपणन अधिकारी का एक दिन का वेतन रोकने का आदेश दिया।
छह अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब
जिलाधिकारी अदिति सिंह ने पिछले समाधान दिवसों में शिकायतों में कई विभाग की शिकायतें लम्बित पड़ी थी। जिस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए ईओ नगरपालिका बलिया, बीएसए, चकबंदी अधिकारी बलिया, विकास खंड गड़वार, सोहांव व हनुमानगंज के बीडीओ को नोटिस देकर तीन दिन के अंदर जवाब मांगा है। समय से स्पष्टीकरण नहीं मिलने पर कार्रवाई की भी चेतावनी दी है।