विकास खंड चिलकहर के पिपरापट्टी बहोरापुर निवासी कुसुमलता पत्नी रविन्द्र कुमार के अनुसार गांव की अराजी संख्या 262 रकबा 0.194 का उसके ससुर गजाधर के नाम से अंकित है। उक्त आराजी में उसके साथ अन्य सह खातेदार भी है। उसी आराजी में महिला का घर भी है। उक्त आराजी में विपक्षी गण द्वारा भी अपना मकान बनाया गया है। आराजी से सटे ग्राम समाज की भूमि को भी विपक्षियों ने कब्जा कर लिया है। महिला का आरोप है कि विपक्षियों ने इस प्रकार अपने घर का निर्माण कराया है कि उसका रास्ता बन्द हो गया है।
महिला का कहना है कि बन्द रास्ते को खुलवाने के लिए उसने प्रशासन को कई बार शिकायती पत्र दी है लेकिन प्रशासन द्वारा रास्ता खुलवाने में कोई रुचि नहीं ली जा रही है। प्रशासन के लापरवाह रवैए से परेशान महिला मंगलवार को तहसील परिसर में भूख हड़ताल पर बैठ गई, इसकी जानकारी होते ही तहसील प्रशासन में हड़कंप मच गया। जानकारी होते ही एसडीएम ने उक्त प्रकरण में जांच हेतु एक टीम का गठन कर मौके पर भेजा तथा नियमानुसार कार्यवाही का आश्वासन देकर भूख हड़ताल समाप्त कराए।