सी पी तिवारी
मऊ । जिले के रानीपुर थाना क्षेत्र के धर्मशीपुर ग्राम पंचायत में रात में हो रही मूसलाधार बारिश से रिहायशी कच्चा मकान ढह गया। जिसमें सो रहे पति पत्नी की मलबे में दबकर मौत हो गयी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी अनुसार धर्मशीपुर की बस्ती में सूर्यनाथ (45) अपनी पत्नी रामताजी (40) के साथ कच्चे मकान में काफी समय से रह रहे थे। लोगों की माने तो उन्हें प्रधानमंत्री आवास मिला है। लेकिन निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ है। गुरुवार रात दोनों पति-पत्नी खाना खाने के बाद अपने कच्चे मकान में ही सोने चले गए।
रात भर हुई मूसलाधार बारिश के चलते शुक्रवार की भोर में कच्चा मकान ढह गया। मकान के दोनों मलबे में दब गए। मकान गिरने की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत से मलबा हटाया। लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। मृतक का इकलौता पुत्र गोबिंद कुमार हरियाणा के पानीपत में रहता है।