भीमपुरा। स्थानीय बाजार में स्थित कन्या प्राथमिक विद्यालय में चोरों ने खिड़की तोड़कर गैस सिलेंडर, चूल्हा व बर्तन उठा ले गए है। चोरी की जानकारी तब हुई जब शीतावकाश के बाद सोमवार को दाई मिड डे मील बनाने के लिए किचन का दरवाजा खोला। चोरी की सूचना स्थानीय पुलिस को दे दी गयी है। बता दें कि कम्पोजिट विद्यालय में पहले भी चोरी हो चुकी, जिसमें गैस सिलेंडर, चूल्हा, बर्तन, इनवर्टर बैटरी आदि सामान गया था। जिसका खुलासा आज तक नहीं हो पाया है।
जानकारी अनुसार कम्पोजिट विद्यालय भीमपुरा के प्रांगण में स्थित कन्या प्राथमिक विद्यालय शीतावकाश के चलते पिछले 31 दिसंबर से 15 जनवरी तक बंद था। इसी बीच चोरों ने पीछे से खिड़की को तोड़कर किचन में रखा गैस सिलेंडर, चूल्हा, बर्तन आदि चुराकर लेते चले गए है। सोमवार को जब विद्यालय खोला गया और मिड डे मील बनाने के लिए दाई ने किचन का दरवाजा खोला तो गैस सिलेंडर व चूल्हा नहीं दिखा। जब खिड़की की तरफ देखा तो खिड़की ही पूरी तरह से गायब थी। विद्यालय की प्रधानाचार्या ने अपने उच्चाधिकारियों को इस मामले से अवगत कराते हुए स्थानीय पुलिस को तहरीर दे दी है।