आजमगढ़। आजमगढ़ में पुलिस के मुखिया को पीड़ित द्वारा गाड़ी को रोकना इस कदर नागवार गुजरा कि उन्होंने अपने ओहदे का भी ख्याल नहीं रखा, और उसे दे दना दन-दे दना दन 4- 5 थप्पड़ रसीद करने के बाद हिरासत में ले लिये। फिर क्या था वीडयो वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। सोशल मीडिया पर जमकर इनके कसीदे कढ़े जाने लगे। उसके कुछ ही घंटों में आला अफसरान की जबाबी वीडियो बयान जारी हुआ। लेकिन वीडियो में बताए गए कारणों से भी सोशल मीडिया से जुड़े लोग संतुष्ट नहीं दिखे। मामला बुधवार का है।
यहां दुष्कर्म पीड़ित मृतक बच्ची के परिवार ने SP सुधीर कुमार सिंह की गाड़ी रोकी तो वे तैश में आकर परिवार के एक युवक को सरेराह धकियाते हुए कई थप्पड़ जड़ दिए और उसे हिरासत में ले लिया। घटनाक्रम का वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। अब SP सफाई देते नजर आ रहे हैं। उनका कहना है कि युवक गाड़ी के सामने लेट गया था। युवक के साथ के लोगों ने पत्थर भी चलाए। युवक को हिरासत में लिया गया था, जिसे छोड़ा जा रहा है। इस मामले में लोग राजनीति कर रहे है।
मामला रौनापार थाना क्षेत्र से जुड़ा है। इस क्षेत्र में रहने वाली एक महिला का आरोप है कि 8 अक्टूबर को दिन में उसकी 8 साल की बेटी दुकान पर सामान लेने जा रही थी। रास्ते में उसके साथ दीपक पासवान ने छेड़खानी की। जिसका बेटी ने विरोध किया। इसी रात में दीपक ने बेटी का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म किया। अगले दिन सुबह 5 बजे बच्ची गांव के बाहर रोड पर बेहोशी की हालत में मिली।