बलिया। बलिया के सिकंदरपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी पर तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव को 2022 के लिए प्रयास बंद कर देना चाहिए, ये प्रयास 2027 के लिए रखें। कांग्रेस और सपा को चुनावी हिंदू करार देते हुए जनता को इनसे सावधान रहने की सलाह भी दी। इस मौके पर सिकंदरपुर विधानसभा क्षेत्र के चौमुखी विकास हेतु कुल 96 परियोजनाओं (लागत ₹ 125.74 करोड़) का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया।
उपमुख्यमंत्री सिकंदरपुर विधानसभा क्षेत्र के चेतन किशोर मैदान में आयोजित पिछड़ा वर्ग सम्मेलन में कहा कि कारसेवकों पर गोली और कांवरियों पर लाठी बरसाने वाले अब राम का नाम अलापने लगे हैं। अखिलेश यादव द्वारा भगवान परशुराम की प्रतिमा अनावरण पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जो भगवान राम का नहीं हुआ वो परशुराम का क्या होगा।

डिप्टी सीएम ने कहा कि विपक्षी दलों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा बर्दाश्त नहीं हो रही हैं। क्योंकि भाजपा सरकार ने भ्रष्टाचार के सारे रास्ते बंद कर दिए हैं। वो देश को ईमानदारी के पथ पर ले जाने का कार्य कर रहे हैं, जबकि विरोधी इसका दुष्प्रचार कर रहे हैं। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि विरोधी झूठ बोलने की ऑटोमेटिक मशीन हैं।बलिया वीरों की धरती है। वर्ष 2017 में शुरू हुई आंधी तूफान बन गई है। तब सपा-बसपा गठबंधन भी था। नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री नहीं बने होते तो राम मंदिर नहीं बनता। गरीबों को मकान नहीं मिलते। सपा सरकार में तीन से चार घंटे बिजली के लिए तरसने वाली प्रदेश की जनता आज 16 से 18 घंटे बिजली सप्लाई का आनंद उठा रही है।
भाजपा सरकार में कराए गए विकास कार्यों से प्रभावित हुई जनता इन लोगों को सबक सिखाने के लिए तैयार बैठी है। जनता को भरोसा हो चुका है कि भ्रष्टाचारियों, अपराधियों, गुंडों और लुटेरों से भाजपा ही लड़ सकती है। विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत के बाद अखिलेश विदेश चले जाएंगे, राहुल गांधी पहले ही चले गए हैं।