भीमपुरा। कन्हैया स्मारक महाविद्यालय में कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए 73वां गणतंत्र दिवस समारोह अत्यन्त हर्ष एवं उत्साह पूर्वक मनाया गया। महाविद्यालय के संस्थापक डॉ. मदन मोहन सिंह ने इस अवसर पर परिसर में ध्वजारोहण कर शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों को राष्ट्रीय पर्व की शुभकामनाएं दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. सिंह ने कहा कि देशभक्ति, त्याग और बलिदान का प्रतीक यह पर्व हमें अपने उन बलिदानियों की याद दिलाता है, जिन्होंने देश के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर किया। आज के दिन हमारा संविधान लागू हुआ था। इस प्रकार हमारा देश संसदीय रूप के साथ लोकतांत्रिक गणतंत्र के रूप में सामने आया। भारत आज विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है। जहां सभी समुदाय के लोग एक साथ आपसी सौहार्द के साथ रहते हैं। युवाशक्ति हमारे देश की सबसे बड़ी पूंजी है। भारत आज विश्व पटल पर ज्ञान विज्ञान के क्षेत्र में अपना स्थान बना रहा है। संदेह नहीं कि इसमें देश की युवाशक्ति का प्रमुख योगदान है।
कार्यक्रम का संचालन जितेन्द्र ने तथा धन्यवाद ज्ञापन नृपेंद्र मोहन सिंह “मोंटी” ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय प्राचार्य डॉ आशुतोष, शिक्षक, कर्मचारियों सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।