बृजेश सिंह
बलिया। गोरक्ष प्रांत में भाजपा की जनविश्वास यात्रा रविवार को बलिया से शुरू हुई। बलिया से निकली यह यात्रा गोरक्ष प्रांत के 61 विधानसभा में जाएगी। इस मौके पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव प्रदेश के लिए अनुपयोगी हैं। पहले किसान शाम में घर पहुंचता था तो घर में अंधेरा रहता था। उसे पत्नी की शक्ल नहीं दिखती थी। इसलिए वो दो रोटी ही खाता था। आज किसान शाम को घर पहुंचता है तो उसके घर पर उजाला रहता है। पत्नी की शक्ल देख कर वो छह रोटी खाता है। कहा कि अखिलेश प्रदेश में गुंडाराज लाना चाहते हैं। योगी राज में मुख्तार अंसारी जैसे माफिया जेल में हैं। अतीक के घर पर बुलडोजर चल रहा है।
सीएम शिवराज ने राहुल और अखिलेश को घेरा
जनविश्वास यात्रा के शुभारंभ में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जो लोग हिंदुत्व को सांप्रदायिक बताते थे। आज उन्हें ही ये भाने लगा है। राहुल बाबा राम-राम जप रहे हैं। जनेऊ पहन रहे हैं और त्रिपुंड लगा रहे हैं। प्रियंका गांधी गंगा स्नान कर रही हैं। ये भी कहा कि बबुआ की साइकिल भ्रष्टाचार और अन्याय से पंक्चर हो गई है। पंक्चर जोड़ने वाला सरकारी जेल में हैं।
कहा कि कांग्रेस और दूसरे लोगों ने आजादी का इतिहास गलत पढ़ाया। बताया कि आजादी गांधी जी, नेहरू और इंदिरा ने दिलाई। हम भी इससे गांधी जी को इंकार नहीं करते, लेकिन वे क्रांतिकारियों को भूल गए। आजादी के 75वें वर्ष में नरेंद्र मोदी कांतिकाकियों की याद दिला रहे हैं।