बृजेश सिंह
बलिया। सुखपुरा-करमपुर मार्ग पर सुखपुरा थाना के करमपुर ग्राम के समीप गुरुवार को ट्रैक्टर को ओवरटेक करते समय बाइक सवार जीजा साली ट्रैक्टर के नीचे आ गए। जिसमें ट्रैक्टर से कुचलकर साली की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि बाइक चला रहा जीजा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को जिला अस्पताल इलाज हेतु भेजा गया जहां उस की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
मनियर थाना के दुर्गीपुर निवासिनी सुनीता (35) कुछ दिन पहले अपनी बहन के घर सोनबरसा में आई थी। गुरुवार की सुबह वह अपने बहनोई राजेश राजभर (37) के साथ किसी रिश्तेदारी में गई थी। वहां से वह दोनों बाइक से ही घर वापस लौट रहे थे। सुखपुरा-करमपुर मार्ग पर बालू लदा ट्रैक्टर आगे आगे जा रहा था। राजेश ने ट्रैक्टर से पास लेने के लिए काफी हार्न बजाया लेकिन गाना सुन रहे ट्रैक्टर चालक को सुनाई नहीं दिया। आगे थोड़ी जगह मिलने पर राजेश ने बाइक को ट्रैक्टर से आगे निकालने का प्रयास किया लेकिन ट्रैक्टर ट्राली से बाइक को धक्का लग गयी जिससे जीजा साली दोनों सड़क पर गिर पड़े और बाइक सड़क किनारे गड्ढे में चली गयी।। ट्राली का पिछला चक्का दोनों को कुचलते हुए आगे निकल गया।जिसमें सुनीता की मौके पर ही मौत हो गई और राजेश गंभीर रूप से घायल हो गया।घटना के तत्काल बाद मौके पर भीड़ इकट्ठी हो गयी। लोगों ने पुलिस को सूचना देने के साथ घायल राजेश को इलाज हेतु जिला अस्पताल बलिया भेजवाया दिया। पुलिस ने महिला के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बलिया भेज दिया।