दिल्ली। अफगानिस्तान में अब तालिबान का कब्जा हो गया है। तालिबान का दावा है कि अब वो पहले की तरह नहीं है और उदारवाद हो गया है। लेकिन पिछले कुछ दिनों में तालिबान की जो वीडियो और तस्वीरें सामने आई है, वो तालिबान के दावे को झूठा साबित कर रही है। तालिबान ने रविवार (15 अगस्त) को राष्ट्रपति अशरफ गनी के देश छोड़ने के बाद काबुल पहुंचकर अफगानिस्तान पर नियंत्रण कर लिया था। वहीं भारत में अवैध रूप से रह रहे जिस अफगानी नागरिक को दो महीने पहले निकाला गया था वो अब तालिबान में शामिल हो गया है। उसकी बंदूक थामे हुई तस्वीर सामने आई है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार (20 अगस्त) को यह जानकारी दी है।
नागपुर से 2 महीने पहले भेजा गया था अफगानिस्तान
नागपुर के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि अफगानी व्यक्ति नूर मोहम्मद को इस साल जून 2021 में नागपुर में गिरफ्तार कर अफगानिस्तान भेजा गया था। अब सोशल मीडिया पर एक राइफल लिए हुए शख्स की तस्वीर सामने आई है। जिसको लेकर दावा किया जा रहा है कि वह नूर मोहम्मद है। पुलिस ने कहा है कि संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता है कि बंदूक थामे सामने आई तस्वीर में दिख रहा शख्स नूर मोहम्मद है। नूर मोहम्मद की वायरल तस्वीर नागपुर में उसके दोस्तों के जरिए पुलिस तक पहुंची है।
पिछले 10 सालों से नागपुर में रह रहा था नूर मोहम्मद
पुलिस ने कहा है कि 30 वर्षीय नूर मोहम्मद अजीज बीते 10 सालों से अवैध रूप से नागपुर में रह रहा था। नूर मोहम्मद नागपुर के डिगोरी इलाके में किराए के एक मकान में रहता था। पुलिस को खुफिया सूचना मिली थी, उसके बाद ही नूर मोहम्मद की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी।