दिग्विजय सिंह
नगरा, बलिया। भाजपा के पूर्व विधायक राम इकबाल सिंह द्वारा किसानो के समर्थन में उठायी गयी 50 लाख मुवायजे देने की आवाज का असर भाजपा सरकार पर भले ही नहीं हुआ लेकिन आंदोलन में शहीद किसानों के परिजनों को मुआवजा देने की मांग को उत्तर प्रदेश की विपक्षी पार्टी सपा ने जरूर कैच कर लिया। सपा सुप्रीमो एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सरकार बनने के बाद शहीद हुए किसानों के परिजनों को किसान शहादत सम्मान राशि के रूप में 25 लाख रुपए देने की घोषणा बुधवार को की।
पूर्व मुख्यमंत्री ने इसकी जानकारी ट्वीट कर दी है। अपने ट्वीट में सपा मुखिया ने लिखा है कि किसान का जीवन अनमोल होता है क्योंकि वो अन्य के लिए अन्न उगाता है। हम बचन देते है कि 2022 में समाजवादी पार्टी की सरकार आते ही किसान आंदोलन के शहीदों को 25 लाख की किसान शहादत सम्मान राशि दी जाएगी। गौर तलब है कि सोमवार को सायंकाल एक प्रेस वार्ता में पूर्व विधायक राम इकबाल सिंह ने कहा था कि किसान आंदोलन आरम्भ होने के एक माह के भीतर किसान बिल वापस ले लिया गया होता तो 700 किसानों की जाने नहीं जाती। उन्होंने प्रधानमंत्री से डैमेज कंट्रोल करते हुए मृत किसानों के परिजनों को 50 लाख रुपए मुआवजा देने की मांग की थी।