बृजेश सिंह
बलिया। पुलिस उपमहानिरीक्षक आजमगढ़ ने शुक्रवार को पुलिस लाइन में गोष्ठी कर चुनावी तैयारियों, जनपद में क्राइम की स्थिति व कानून व्यवस्था की समीक्षा की। जिसमें मातहतों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। जनपद में आगमन के दौरान उन्होंने दो थानों का वार्षिक निरीक्षण भी किया। जिसमें मालखाना, हवालात, बैरक, सीसीटीएनएस कक्ष, मेस आदि की व्यवस्थाएं जांची। इस दौरान उन्होंने दंगा नियंत्रण सुरक्षा कीट का रिहर्सल करवाकर चुनाव पूर्व विभाग की तैयारियों को भी परखा। प्राप्त शिकायतों का त्वरित निस्तारण का निर्देश दिया।
डीआईजी आजमगढ़ अखिलेश कुमार ने जनपद में आगमन पर सबसे पहले सुखपुरा थाना पहुंचकर थाने का वार्षिक निरीक्षण किया। वहां पर मातहतों का सम्मेलन कराया। थाने के बैरक, ऑफिस,सीसीटीएनएस कक्ष का निरीक्षण किया। फाईलों के रख रखाव आदि को जांचा। रजिस्टर व रिकॉर्डो को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। उसके बाद पुलिस लाइन में एएसपी सभी सीओ, एसएचओ आदि के साथ गोष्ठी की। जिसमें चुनाव से संबंधित जानकारियां व तैयारियों पर चर्चा करने के बाद जिले में क्राइम व कानून व्यवस्था की समीक्षा की। इसके बाद हल्दी थाने का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस के लिए उपलब्ध सुरक्षा कीट के साथ जवानों का दंगा पूर्व रिहर्सल भी कराया। जिसमें आगामी चुनाव को लेकर बीट के सिपाहियों, महिला कॉन्स्टेबलों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया।